शिवगंज; दि.21 मई ’13/शहर से करीब तेरह किमी दूर कांबेश्वर महादेव तीर्थधाम पर ब्राह्मण स्वर्णकार सामूहिक विवाह सेवा समिति की ओर से आयोजित चतुर्थ सामूहिक विवाह महोत्सव मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया।
महोत्सव में 20 नव युगल जोड़ों ने विधि विधान के साथ अग्नि के समक्ष सात फेरे लेकर जीवन साथी बने। सुबह 7 बजे विवाह समिति के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बारातियों का स्वागत किया। इसके बाद साढ़े नौ बजे वधुओं की सामूहिक बंदोलियां निकाली गई एवं साढ़े ग्यारह बजे दूल्हों ने तोरण टिकने की रस्म पूरी की। इसके पहले वर-वधु के परिजनों ने मिलनी, सामेला कार्यक्रम में भाग लिया। सवेरे साढ़े ग्यारह बजे फलाहार, कन्यावर व एकादशी के आयोजन हुए। इसके बाद दोपहर को पाणिग्रहण संस्कार का आयोजन किया गया। इसमें समाज के सैकड़ों पुरुष, महिलाओं व बच्चों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। सामूहिक विवाह के आयोजन पर ब्राह्मण स्वर्णकार समाज के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखें।
इन्होंने लिया भाग
विवाह आयोजन में समिति के अध्यक्ष देवीलाल जालोरा, उपाध्यक्ष कांतिलाल साकरिया, महामंत्री चंपालाल बेडचा , सहमंत्री हरदेव आर्य, कोषाध्यक्ष रतनचंद साकरिया, सह कोषाध्यक्ष किरण कुमार कश्यप, मुख्य सलाहकार अंबालाल सोनी, हरिगोपाल साकरिया, हस्तीमल बेडचा आदि कई कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।